संबंध बनाने से इनकार पर युवक ने महिला की ईंट मारकर हत्या की
फरीदाबाद में महिला की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी वीरू को गिरफ्तार किया। संबंध बनाने से इनकार पर आरोपी ने ईंट से हमला कर महिला की हत्या कर दी थी।
■ संबंध बनाने से इनकार पर युवक ने महिला की ईंट मारकर हत्या की
■ हत्या के बाद लाश के पास बैठकर शराब पीता रहा आरोपी
■ CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने 10 दिन बाद आरोपी को पकड़ा
फरीदाबाद में पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला फिरोजा उर्फ आरती (44) की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला के दोबारा शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर आरोपी वीरू ने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी काफी देर तक शव के पास बैठकर शराब पीता रहा और फिर आराम से घर चला गया।
पुलिस ने 1 मई की सुबह आरोपी वीरू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की रात फिरोजा और वीरू बल्लभगढ़ स्थित सब्जी मंडी के पास साथ बैठे थे। दोनों ने शराब पी और शारीरिक संबंध भी बनाए। कुछ देर बाद फिरोजा ने वीरू से पैसे मांगे। इस पर वीरू ने पैसे देने से मना कर दिया और दोबारा संबंध बनाने की बात कही।
जब फिरोजा ने इससे इनकार कर दिया तो वीरू गुस्से में आ गया। उसने पास में पड़ी ईंट उठाई और महिला के सिर, छाती व शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार करने शुरू कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी मौके पर ही बैठा रहा और शराब पीता रहा। कुछ देर बाद वह वहां से निकलकर अपने घर चला गया। अगले दिन वह सामान्य तरीके से नहाकर खाना खाने के बाद कंपनी में ड्यूटी पर भी गया। पड़ोसियों और आसपास के लोगों को उस पर कोई शक नहीं हुआ।
22 अप्रैल को बल्लभगढ़ सब्जी मंडी में महिला का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। मंडी में रात के समय ज्यादा आवाजाही नहीं होती, इसलिए पुलिस ने आसपास के रास्तों की रिकॉर्डिंग की जांच की।
फुटेज में फिरोजा आरोपी वीरू के साथ पैदल जाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की। कुछ लोगों ने दोनों की पहचान कर ली, जिसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
जांच में यह भी सामने आया कि वीरू की पत्नी चार साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। उसके चार बच्चे हैं, जो उसके साथ रहते हैं। वहीं फिरोजा के बच्चे की परवरिश उसका पहला पति मुकेश कर रहा है।
पुलिस के मुताबिक, फिरोजा करीब 25 साल पहले फरीदाबाद आई थी। साल 2000 में उसने बुलंदशहर निवासी मुकेश से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन कुछ साल बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद वह सन्नी नाम के युवक के संपर्क में आई और उसके साथ रहने लगी। सन्नी की मौत के बाद उसका संपर्क उसके भाई राकेश से हुआ, लेकिन बीमारी के चलते राकेश की भी मौत हो गई।
इसके बाद फिरोजा और वीरू के बीच संबंध बने। दोनों पिछले करीब 4 साल से रिलेशन में थे। पुलिस के अनुसार, वीरू पहले NDPS एक्ट के मामले में जेल भी जा चुका है और करीब दो महीने पहले ही बाहर आया था।
pooja