एनकाउंटर के बाद बदमाश अरेस्ट:पुलिस पर 4 राउंड फायर किए, पैर में लगी गोली, हत्या के मामले में वांछित

फरीदाबाद में बदरपुर बॉर्डर मर्डर केस के फरार आरोपी को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग की थी।

एनकाउंटर के बाद बदमाश अरेस्ट:पुलिस पर 4 राउंड फायर किए, पैर में लगी गोली, हत्या के मामले में वांछित

➤ फरीदाबाद में मर्डर आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

➤ पुलिस पर 4 राउंड फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

➤ बदरपुर बॉर्डर मर्डर केस में लंबे समय से फरार था आरोपी


हरियाणा के फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार करीब एक महीने पहले बदरपुर बॉर्डर के पास स्थित एक गेस्ट हाउस के बाहर 25 वर्षीय सचिन मेहरा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया था कि यह हमला प्रेम-प्रसंग के चलते किया गया था। घटना में तीन युवकों ने सचिन पर हमला किया था, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

बताया गया कि मृतक सचिन मेहरा एक निजी अस्पताल में काम करता था। हत्या के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल एक आरोपी थाना भूपानी क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने देर रात इलाके में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक जैसे ही टीम आरोपी के करीब पहुंची तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिस टीम पर लगातार 4 राउंड फायर किए।

इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की तरफ से चलाई गई गोली आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदर त्यागी उर्फ पंडित निवासी मोल्डबंद, दिल्ली के रूप में हुई है। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।