कहासुनी की रंजिश में 12वीं के छात्र की लाठी-डंडों से हत्या

फरीदाबाद में कहासुनी की रंजिश में 12वीं के छात्र रवि की लाठी-डंडों से हत्या। चार दिन इलाज के बाद मौत, पुलिस ने केस में हत्या की धाराएं जोड़ीं।

कहासुनी की रंजिश में 12वीं के छात्र की लाठी-डंडों से हत्या

• मामूली कहासुनी की रंजिश में 12वीं के छात्र रवि की पीट-पीटकर हत्या
• सिर पर लाठी-डंडों से कई वार, चार दिन मौत से जूझने के बाद तोड़ा दम
• पुलिस ने मारपीट का केस हत्या में बदला, आरोपी हिरासत में



फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में कहासुनी की रंजिश ने एक मासूम की जान ले ली। 12वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र रवि की कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल रवि को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा। रविवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रवि की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह घर का इकलौता बेटा था। पिता का पहले ही देहांत हो चुका था। परिवार में अब मां और 11 वर्षीय छोटी बहन ही बची हैं। बेटे की मौत के बाद मां सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को संजय कॉलोनी की गली नंबर 45 में रवि की घर के पास रहने वाले कुछ युवकों से मामूली कहासुनी हुई थी। उस वक्त लोगों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपी युवकों ने इसी बात को लेकर रंजिश पाल ली

इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को करीब 10 से 12 युवक लाठी-डंडों के साथ पहुंचे। उस समय रवि अपने दोस्तों के साथ पानी के प्लांट के बाहर आग सेंक रहा था। आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

रवि के दोस्त उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर किया गया। दूरी अधिक होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में अत्यधिक ब्लीडिंग और अंदरूनी चोटों के चलते उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के दोस्त सौरभ ने बताया कि हमला पूरी प्लानिंग के साथ किया गया। आरोपियों ने चेहरे ढक रखे थे और बाइकें गली से दूर छिपाकर रखी थीं। सबसे ज्यादा वार रवि के सिर पर किए गए।

रवि की मौत के बाद पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। मुजेसर थाना प्रभारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है। दो से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।