नहर में गिरने से पूर्व-सरपंच के इकलौते बेटे की मौत:फतेहाबाद में कंबाइन ढूंढने गया था

फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र में नहर में गिरने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक पूर्व सरपंच का इकलौता बेटा था और कंबाइन देखने गया था।

नहर में गिरने से पूर्व-सरपंच के इकलौते बेटे की मौत:फतेहाबाद में कंबाइन ढूंढने गया था

नहर में गिरने से युवक की दर्दनाक मौत
कंबाइन देखने गया था, पानी पीते समय फिसला पैर
पूर्व सरपंच का इकलौता बेटा था, गांव में मातम


फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवाला में एक दर्दनाक हादसे में पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे की मौत हो गई। 35 वर्षीय गुरदास की नहर में गिरने से जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।जानकारी के अनुसार, गुरदास शुक्रवार शाम को गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन का इंतजाम करने के लिए दूसरे गांव गया हुआ था। इसी दौरान वह गांव नंगल और हाकमवाला के बीच अपने खेत के पास पहुंचा। यहां वह पानी पीने के लिए छोटी नहर के किनारे गया, लेकिन अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नहर में जा गिरा।नहर से शव को बाहर निकालते हुए ग्रामीण।

बताया जा रहा है कि नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिससे गुरदास खुद को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते डूब गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। बाद में पता चला कि वह नहर में गिर गया है। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मिलकर उसकी खोजबीन की।काफी तलाश के बाद देर शाम गुरदास का शव नंगल गांव के पास नहर किनारे मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।पुलिस ने इस मामले में परिजनों के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। फिलहाल किसी तरह की साजिश या अन्य पहलू सामने नहीं आए हैं।परिजनों के मुताबिक, गुरदास पूर्व सरपंच जरनैल सिंह का इकलौता बेटा था। उसने 11वीं तक पढ़ाई की थी और इसके बाद खेतीबाड़ी संभाल रहा था। वह अविवाहित था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था।

इस हादसे के बाद गांव ब्राह्मणवाला में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहरों के किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग भी की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।