हिसार की GJU में बवाल: छात्रों ने तोड़ा VC ऑफिस का गेट, पुलिस से झड़प

हिसार की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। दिग्विजय चौटाला की मौजूदगी में VC ऑफिस का गेट तोड़ा गया और पुलिस के साथ झड़प हुई।

हिसार की GJU में बवाल: छात्रों ने तोड़ा VC ऑफिस का गेट, पुलिस से झड़प

दिग्विजय चौटाला के सामने छात्रों का उग्र प्रदर्शन
वीसी ऑफिस का गेट तोड़ा, पुलिस से झड़प
वीसी पिछले गेट से निकले, प्रशासन पर उठे सवाल

हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी में गुरुवार को हालात उस वक्त बेकाबू हो गए, जब छात्रों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। जजपा के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला की मौजूदगी में ही छात्रों ने वीसी ऑफिस का गेट तोड़ दिया। यह पूरा घटनाक्रम यूनिवर्सिटी में सम्मेलन आयोजित करने की मांग को लेकर चल रहे विरोध के दौरान सामने आया।

सबसे अहम बात यह रही कि जैसे ही स्थिति बिगड़ी, वीसी मौके से पिछले गेट के रास्ते गाड़ी में बैठकर निकल गए। इससे छात्रों और जजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। हालांकि, मौके पर मौजूद दिग्विजय चौटाला ने पुलिस को हस्तक्षेप न करने की बात कहते हुए कार्यकर्ताओं और छात्रों का समर्थन किया।

हंगामे के बीच प्रदर्शनकारियों ने वीसी ऑफिस पर कब्जा कर लिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूरे घटनाक्रम ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल स्थिति को काबू में करने के प्रयास जारी हैं और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।