गोहाना पेट्रोल पंप कांड: तेल डलवाकर फरार हुए दो भाई गिरफ्तार
गोहाना पेट्रोल पंप पर तेल डलवाकर फरार होने वाले करनाल के दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद वारदात को अंजाम दिया था।
➤ गोहाना पेट्रोल पंप पर कार सवार भाइयों ने 2600 का तेल डलवाकर नोजल समेत की थी चोरी
➤ पुलिस ने करनाल के धर्मगढ़ निवासी सुधीर और विशाल को गिरफ्तार किया
➤ आरोपी विशाल ने ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद वारदात को दिया अंजाम
सोनीपत जिले के गोहाना में 27 सितंबर को हुई पेट्रोल पंप पर वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रोहतक–पानीपत रोड पर स्थित श्री बालाजी फिलिंग स्टेशन पर कार सवार दो युवक तेल डलवाने के बाद न केवल फरार हो गए थे, बल्कि पंप की नोजल समेत मशीन को भी उखाड़ ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच की और अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर और विशाल, निवासी धर्मगढ़ (करनाल) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों सगे भाई हैं। विशाल ने ऑनलाइन गेम में भारी रकम हार दी थी। पैसे की भरपाई के लिए उसने अपने भाई के साथ मिलकर यह वारदात अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कार में सवार होकर पंप पर पहुंचे थे। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि 2800 रुपये का पेट्रोल डालो, लेकिन केवल 2600 रुपये का पेट्रोल डलवाकर मौके से नोजल समेत कार भगाकर ले गए। इस दौरान उन्होंने पंप की मशीन को भी नुकसान पहुंचाया।
गोहाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले में आगे की जानकारी के लिए एसीपी राहुल देव आज एक प्रेस वार्ता करेंगे।
Akhil Mahajan