28 दिन में सोना ₹31 हजार और चांदी ₹1.27 लाख महंगी, क्या 2026 में टूटेंगे सारे रिकॉर्ड

सोना और चांदी लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई पर। 28 दिनों में सोना ₹31,440 और चांदी ₹1.27 लाख महंगी। 2026 में और तेजी के संकेत।

➤सोना-चांदी लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई पर
➤28 दिन में सोना ₹31,440 और चांदी ₹1.27 लाख महंगी
➤2026 में सोना ₹1.90 लाख और चांदी ₹4 लाख तक जाने का अनुमान



चांदी और सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 28 जनवरी को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 5,734 रुपए बढ़कर 1,64,635 रुपए पर पहुंच गया है। दो दिनों में ही सोने की कीमतों में 10,335 रुपए की तेज उछाल दर्ज की गई है।

इससे पहले 23 जनवरी को 10 ग्राम सोना 1,54,310 रुपए पर था। यानी जनवरी के महज 28 दिनों में सोना 31,440 रुपए महंगा हो चुका है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,33,195 रुपए थी।

वहीं चांदी की कीमतों ने भी नया इतिहास रच दिया है। आज एक किलो चांदी 17,257 रुपए बढ़कर 3,61,821 रुपए पर ओपन हुई। हालांकि शाम तक इसमें हल्की गिरावट आई और यह 13,703 रुपए बढ़कर 3,58,267 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई।

बीते दो दिनों में चांदी की कीमतों में कुल 40,562 रुपए की तेजी आई है। शुक्रवार को चांदी का भाव 3,17,705 रुपए प्रति किलो था। सिर्फ जनवरी के 28 दिनों में ही चांदी 1,27,847 रुपए महंगी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को इसकी कीमत 2,30,420 रुपए प्रति किलो थी।

विशेषज्ञों के अनुसार सोने में तेजी के पीछे तीन बड़े कारण हैं। पहला, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का ग्रीनलैंड विवाद और यूरोपीय देशों को टैरिफ की धमकी, जिससे ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता बढ़ी है। दूसरा, डॉलर के मुकाबले रुपए का 91.10 के ऑल टाइम लो पर पहुंचना, जिससे भारत में सोने की लैंडिंग कॉस्ट काफी बढ़ गई है। तीसरा, दुनिया भर के सेंट्रल बैंकों द्वारा भारी मात्रा में सोने की खरीदारी, जिससे डिमांड बढ़ी और सप्लाई सीमित हो गई।

चांदी में तेजी के भी तीन अहम कारण बताए जा रहे हैं। सोलर, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर में बढ़ती इंडस्ट्रियल डिमांड, अमेरिका में संभावित टैरिफ डर के चलते कंपनियों का स्टॉक जमा करना, और मैन्युफैक्चरर्स द्वारा भविष्य की कमी के डर से अग्रिम खरीदारी

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव और बढ़ा तो 2026 में सोना 1,90,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4 लाख रुपए प्रति किलो तक जा सकती है।