सोने में आने वाली है भारी गिरावट,चांदी पर भी की भविष्यवाणी! जानें
सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल के बीच एक्सपर्ट अजय केडिया ने गोल्ड का 5000 डॉलर तक का टारगेट और बाद में बड़ी गिरावट की संभावना जताई है।
➤ सोने-चांदी में जोरदार उछाल, MCX और COMEX दोनों बाजारों में रिकॉर्ड तेजी
➤ एक्सपर्ट अजय केडिया बोले – पहले $5000 तक जाएगा गोल्ड, फिर आ सकती है बड़ी गिरावट
➤ निवेशकों के लिए संकेत – चांदी में सप्लाई कम, आगे और तेज रफ्तार की उम्मीद
नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में बढ़ते तनाव और डॉलर की कमजोरी के बीच मंगलवार को सोने-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर सोना 4800 डॉलर प्रति औंस के पार पहुंच गया, जबकि चांदी 77 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गई। इसका सीधा असर घरेलू वायदा बाजार MCX पर भी देखने को मिला, जहां सोना और चांदी दोनों में तूफानी तेजी दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर जून डिलीवरी वाला सोना करीब 900 से ज्यादा रुपए उछलकर 1,52,975 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में और भी ज्यादा उछाल देखने को मिला और यह 2,46,800 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई। दिनभर के कारोबार में चांदी में 10 हजार रुपए से ज्यादा की तेजी भी दर्ज की गई, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक परिस्थितियों, खासकर मिडिल ईस्ट में तनाव, डॉलर की कमजोरी और तेल की कीमतों में गिरावट के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने-चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि दोनों कीमती धातुओं में तेजी लगातार बनी हुई है।
अब क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट?
कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, सोने में अभी हल्का रिट्रेसमेंट देखने को मिल सकता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 5000 डॉलर तक जा सकता है। इसके बाद ही इसमें बड़ी गिरावट आने की संभावना है। उनका कहना है कि यदि 4100 डॉलर का सपोर्ट टूटता है तो सोना 3450 डॉलर तक गिर सकता है, जो भारतीय बाजार में करीब 1.03 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर के आसपास होगा।
चांदी को लेकर भी उन्होंने बड़ा संकेत दिया है। उनका कहना है कि इंडस्ट्रियल डिमांड और सप्लाई की कमी के कारण चांदी आने वाले समय में सोने से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। सोलर सेक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री में बढ़ती मांग चांदी की कीमतों को और ऊपर ले जा सकती है।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
विशेषज्ञों का मानना है कि सोने में गिरावट आने पर घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसे खरीदारी के अवसर के रूप में देखना चाहिए। वहीं चांदी को लेकर लॉन्ग टर्म में सकारात्मक रुख बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
Akhil Mahajan