हरियाणा में बीजेपी नेता के घर 22 लाख की चोरी, कौन निकला मास्टरमाइंड, हो जाओगे हैरान
ऑर्किड पेटल्स सोसाइटी में बीजेपी नेता ममता भारद्वाज के घर से नौकर ने 22 लाख की चोरी की। पुलिस ने 8 घंटे में आरोपी को आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार कर गहने बरामद कर लिए।
➤ गुरुग्राम में बीजेपी नेता ममता भारद्वाज के घर चोरी, नौकर ने ही दिया वारदात को अंजाम
➤ 8 दिन पहले ही रखा था काम पर, आनंद विहार बस अड्डे से पकड़ा गया आरोपी
➤ 20 लाख के गहने और 2 लाख कैश चोरी, पुलिस ने 8 घंटे में किया पर्दाफाश
सेक्टर 49 की हाई-प्रोफाइल ऑर्किड पेटल्स सोसाइटी में रहने वाली बीजेपी की महरौली जिला अध्यक्ष और A3M कंस्ट्रक्शन कंपनी की मालिक ममता भारद्वाज के घर से लाखों रुपए की चोरी हुई। चोरी की वारदात में उनके ही घरेलू नौकर ने हाथ निकला, जिसे उन्होंने सिर्फ 8 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी से काम पर रखा था।
घटना 2 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे की है। उस समय ममता भारद्वाज अपने पति अरुण भारद्वाज के साथ सोसाइटी पार्क में टहलने गई थीं। इसी बीच नौकर युवराज थापा ने अपने साथी भीम बहादुर जोरा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आधे घंटे बाद घर लौटे तो टूटा ताला और गायब नौकर
करीब आधे घंटे बाद जब दंपति घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर देखा कि बेडरूम की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 20 लाख रुपए के सोने-हीरे के गहने और 2 लाख रुपए नकद गायब थे। साथ ही नौकर युवराज भी वहां से गायब था।
क्राइम ब्रांच ने 8 घंटे में किया खुलासा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दो विशेष टीमें गठित कीं। एक टीम को नेपाल बॉर्डर पर और दूसरी को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 8 घंटे के भीतर ही आरोपी युवराज थापा को आनंद विहार बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया, जबकि वह नेपाल भागने की फिराक में था।
बरामद हुए गहने और कैश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के बैग से दो सोने के हार, एक चेन, अंगूठी, हीरे-सोने का ब्रेसलेट और अन्य कीमती सामान बरामद हुआ। पूछताछ में युवराज ने कबूल किया कि चोरी में उसका साथी भीम बहादुर भी शामिल था। दोनों ने चोरी का माल आपस में बांट लिया था। फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
सवालों के घेरे में पुलिस
यह हाई-प्रोफाइल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल उठ रहे हैं कि गुरुग्राम में जहां चोरी की सैकड़ों वारदातें अब तक अनसुलझी पड़ी हैं, वहीं बीजेपी नेता के घर चोरी की घटना में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिर्फ 8 घंटे में केस सॉल्व कर दिया। लोग पूछ रहे हैं कि आम जनता की शिकायतों को भी पुलिस इतनी ही गंभीरता और तेजी से क्यों नहीं सुलझाती?
Akhil Mahajan