हरियाणा में कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती, लाखों के जेवर और नकदी लूटी

गुरुग्राम के सेक्टर-23 में कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती की वारदात हुई। बदमाश लाखों के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।

हरियाणा में कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती, लाखों के जेवर और नकदी लूटी
  • गुरुग्राम के पॉश सेक्टर-23 में कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती
  • ग्रिल काटकर घर में घुसे नकाबपोश बदमाश, हथियार दिखाकर परिवार को डराया
  • सोने-हीरे के जेवर, नकदी और मेडल लेकर फरार हुए आरोपी

गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-23 में कर्नल के परिवार को बंधक बनाकर डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाश देर रात एक कोठी में घुस गए और परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। सबसे पहले उन्होंने घर के पिछले हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरे को दीवार की ओर मोड़ दिया ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद कटर की मदद से खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर घर के अंदर प्रवेश किया।

शिकायत के अनुसार बदमाश घर में घुसते ही अलग-अलग कमरों में पहुंच गए। सबसे पहले उन्होंने उस कमरे को खंगाला जहां से वे अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद वे उस कमरे में पहुंचे जहां परिवार की महिला सदस्य और उनकी बेटी सो रही थीं। आरोपियों ने चाकू, कटर, पाइप रेंच और अन्य हथियार दिखाकर दोनों को डराया-धमकाया और शोर मचाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

बदमाशों ने महिला से पहने हुए हीरे के झुमके, नोज़ पिन, हीरे की अंगूठी और चूड़ियां उतरवा लीं। इसके अलावा ड्रेसिंग टेबल और अलमारी में रखे कीमती आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। लूटे गए सामान में कई हीरे की अंगूठियां, इयररिंग सेट, सोने का मंगलसूत्र और सोने की चेन शामिल बताई गई हैं।

इसी दौरान घर में हो रही हलचल सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे परिवार के सदस्य बाहर आए तो बदमाशों ने उन्हें भी काबू कर लिया। इसके बाद पूरे परिवार को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को लगातार धमकाते हुए घर में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान के बारे में जानकारी ली।

पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश विकास जैन के बटुए से नकदी ले गए। साथ ही घर में रखा महिला का पर्स भी अपने साथ ले गए, जिसमें नकदी के अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। बदमाश घर में रखे कुछ मेडल और गोल्ड-प्लेटेड सजावटी सामान भी ले गए।

करीब आधे घंटे तक घर में आतंक मचाने के बाद आरोपी रात लगभग 3:15 बजे मौके से फरार हो गए। जाते समय वे परिवार के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए ताकि तत्काल पुलिस को सूचना न दी जा सके। हालांकि बाद में ये मोबाइल फोन घर की पिछली बालकनी में पड़े मिले।

घटना के बाद परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पालम विहार थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद सेक्टर-23 और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।