2 कारों की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत: चाय पीने निकले थे दोस्त, तीसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा
गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
➤ द्वारका एक्सप्रेसवे के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में दो युवकों की मौत
➤ चाय पीने निकले दोस्तों की कार हादसे का शिकार, एक युवक गंभीर घायल
➤ अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बामडोली रेड लाइट पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, हादसे में राहुल गिल (रोहतक) और उमंग बेनीवाल (सोनीपत) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल खत्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
शिकायतकर्ता शुभम ने बताया कि सभी दोस्त गुरुग्राम के सेक्टर-81 स्थित फ्लैट पर मिले थे। देर रात वे चाय पीने के लिए उमंग की कार से निकले थे। जैसे ही उनकी कार बामडोली रेड लाइट पार कर द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ी, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि टक्कर मारने वाला चालक वाहन सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों के शवों की पहचान परिजनों ने मॉर्च्युरी में की। हादसे के बाद दोनों परिवारों और गांवों में शोक का माहौल है।
सेक्टर-93 पुलिस चौकी ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan