भाखड़ा पाइपलाइन का काम रुका, हरियाणा में विवाद के बीच NHAI का NOC से इंकार; पानी को लेकर आंदोलन जारी

हांसी में 61.44 करोड़ रुपये की भाखड़ा पाइपलाइन परियोजना NHAI से NOC नहीं मिलने के कारण फिलहाल रोक दी गई है। चैनत गांव में पानी की मांग को लेकर आंदोलन जारी है।

भाखड़ा पाइपलाइन का काम रुका, हरियाणा में विवाद के बीच NHAI का NOC से इंकार; पानी को लेकर आंदोलन जारी

NHAI से NOC नहीं मिलने पर 61 करोड़ की भाखड़ा पाइपलाइन परियोजना फिलहाल रुकी

चैनत गांव में पानी की मांग को लेकर दो बार आमने-सामने आए प्रशासन और ग्रामीण

ग्रामीण बोले- गांव को पानी मिलने तक धरना और आंदोलन रहेगा जारी


हरियाणा के हांसी में पिछले कई दिनों से विवादों में रही भाखड़ा पाइपलाइन परियोजना पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। अमृत 2.0 योजना के तहत करीब 61.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन संजीव त्यागी ने बताया कि NHAI से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण विभाग ने फिलहाल परियोजना पर रोक लगाने का फैसला किया है।

चैनत गांव में पिछले दिनों पुलिस ने पाइपलाइन में लगाया गया कनेक्शन हटा दिया। इस दौरान ग्रामीण और प्रशासन आमने-सामने हुए थे।

NHAI ने चौड़ीकरण का हवाला देकर NOC देने से किया इनकार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सईएन संजीव त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी के चौड़ीकरण कार्य के चलते NHAI ने 24 जून 2026 को भेजे पत्र में NOC देने से इनकार कर दिया। इसी वजह से निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। विभाग का कहना है कि NOC मिलने के बाद ही काम दोबारा शुरू होगा। जरूरत पड़ने पर पाइपलाइन का रूट भी बदला जा सकता है।

चैनत गांव में पानी को लेकर लंबे समय से चल रहा है विवाद

इस परियोजना को लेकर चैनत गांव के ग्रामीण लगातार मांग कर रहे हैं कि पाइपलाइन से गांव को भी पेयजल उपलब्ध कराया जाए। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना केवल हांसी शहर की पेयजल जरूरत पूरी करने के लिए बनाई गई है। इसी मांग को लेकर 16 मई से ग्रामीण धरने पर बैठे हैं और अब तक दो बार प्रशासन व ग्रामीण आमने-सामने आ चुके हैं।

ग्रामीणों का आरोप, सरकार जिम्मेदारी से बच रही

धरना समिति के सदस्य अनूप ने कहा कि इतने बड़े सरकारी प्रोजेक्ट बीच में रद्द नहीं किए जाते। उनका आरोप है कि सरकार पूरे मामले में एक्सईएन को बलि का बकरा बना रही है। उन्होंने कहा कि जब तक चैनत गांव को पानी नहीं मिलेगा, तब तक धरना जारी रहेगा। जल्द ही ग्रामीणों की बैठक बुलाकर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

विभाग बोला- टी-कनेक्शन विवाद नहीं, NOC वजह

पत्रकारों के सवाल पर एक्सईएन संजीव त्यागी ने स्पष्ट किया कि परियोजना को टी-कनेक्शन विवाद की वजह से नहीं रोका गया है। उन्होंने कहा कि कई बार विभागीय NOC बाद में भी प्राप्त हो जाती हैं, लेकिन इस बार NHAI की अनुमति नहीं मिलने के कारण काम रोकना पड़ा है।

दो बार बढ़ा था तनाव, पुलिस को करनी पड़ी कार्रवाई

1 जून को ग्रामीणों ने पाइपलाइन उखाड़ने की कोशिश की थी और हांसी-बरवाला रोड पर पाइप रखकर जाम लगा दिया था। इसके बाद 22 जून की रात प्रशासन ने भारी पुलिस बल के साथ पाइपलाइन पर लगाए गए अनधिकृत टी-कनेक्शन को हटाया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज भी किया, जिसमें कई लोग घायल हुए थे।