रेवाड़ी में घर में जोरदार ब्लास्ट, 4 लोग झुलसे; शीशे-दरवाजे उखड़े, पड़ोसियों ने कहा- बम फटने जैसी थी आवाज
रेवाड़ी के हंस नगर में घर के अंदर हुए जोरदार धमाके में 4 लोग झुलस गए। फोरेंसिक टीम जांच में जुटी है और ब्लास्ट की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
➤ रेवाड़ी के हंस नगर में घर के अंदर हुए तेज धमाके में 4 लोग झुलसे
➤ धमाके से खिड़कियों के शीशे, दरवाजे और लोहे का गेट तक उखड़कर दूर जा गिरे
➤ फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, ब्लास्ट की असली वजह अभी तक साफ नहीं
हरियाणा के रेवाड़ी शहर के हंस नगर स्थित एक मकान में रविवार शाम अचानक हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार लोग झुलस गए, जिनमें 28 वर्षीय युवती तनु की हालत गंभीर बताई जा रही है। धमाका इतना तेज था कि घर के शीशे, दरवाजे और लोहे का गेट तक टूटकर दूर जा गिरे। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
प्रेस करते समय हुआ धमाका, घर में मौजूद थे परिवार के सदस्य
स्थानीय निवासी रोहित के अनुसार, सेना से सेवानिवृत्त सतबीर चौहान की बेटी तनु रविवार शाम घर में कपड़ों पर प्रेस कर रही थी। उसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया। उस समय घर में सतबीर, उनकी पत्नी मधु, दो वर्षीय बच्ची खुशी और पड़ोसी जयभगवान भी मौजूद थे। जयभगवान सीआरपीएफ में कार्यरत हैं। धमाके में तनु गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि अन्य लोग भी घायल हो गए।
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले रेवाड़ी सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तनु को रोहतक पीजीआई, सतबीर को गुरुग्राम, जबकि जयभगवान को दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल रेफर किया गया। मधु और दो वर्षीय खुशी को हल्की चोटें आई हैं।
फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, ब्लास्ट की वजह रहस्य
धमाके की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट किस कारण हुआ। पड़ोसियों का कहना है कि धमाके की आवाज बम फटने जैसी थी। हालांकि, घर में रखा गैस सिलेंडर और फ्रिज पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।
नवंबर में होनी थी युवती की शादी
परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल तनु की इसी वर्ष 25 नवंबर को शादी तय थी। घटना के समय उसका बड़ा भाई घर पर मौजूद नहीं था। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है और रिश्तेदार अस्पतालों में घायलों का हाल जानने पहुंच रहे हैं।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ब्लास्ट की असली वजह का पता फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
Akhil Mahajan