छात्रों से धोखाधड़ी मामले में EDUCREST स्कूल की प्रिंसिपल पकड़ी गई
गुरुग्राम में EDUCREST इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल को फर्जी CBSE मान्यता दिखाकर छात्रों से धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने गुजरात से गिरफ्तार किया।
- गुरुग्राम में EDUCREST इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल गिरफ्तार
- सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्रों से धोखाधड़ी का आरोप
- बोर्ड परीक्षा में एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर छात्रा ने दर्ज कराई थी FIR
गुरुग्राम में छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े मामले में पुलिस ने EDUCREST इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्रों और अभिभावकों को गुमराह किया।
मामला तब सामने आया जब दसवीं कक्षा की एक छात्रा को बोर्ड परीक्षा के दौरान एडमिट कार्ड नहीं मिला। इसके बाद छात्रा ने सेक्टर-9A थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि स्कूल की मान्यता को लेकर गंभीर अनियमितताएं थीं। पुलिस कार्रवाई के बाद स्कूल की प्रिंसिपल फरार होकर गुजरात चली गई थी।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश के बाद आरोपी प्रिंसिपल को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बसई गांव निवासी रिद्धिमा कटारिया के रूप में हुई है।
पुलिस अब स्कूल प्रबंधन, दस्तावेजों और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
pooja