हरियाणा से उत्‍तराखंड घूमने जा रहे तीन दोस्‍तों की सड़क हादसे में मौत

गुरुग्राम से हरिद्वार जा रहे 5 दोस्तों की कार मुजफ्फरनगर में फ्लाईओवर से गिर गई। हादसे में 3 की मौत और 2 घायल हुए, जिन्हें मेरठ रेफर किया गया।

हरियाणा से उत्‍तराखंड घूमने  जा रहे तीन दोस्‍तों की सड़क हादसे में मौत

गुरुग्राम के 3 दोस्तों की फ्लाईओवर हादसे में मौत
तेज रफ्तार कार 150 फीट नीचे खेत में गिरी
2 युवक गंभीर घायल, मेरठ रेफर किए गए


हरियाणा के गुरुग्राम से उत्तराखंड के हरिद्वार घूमने जा रहे पांच दोस्तों के साथ रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में उनकी कार एक फ्लाईओवर से करीब 150 फीट नीचे खेत में गिर गई, जिसमें 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान सागर निवासी इच्छापुर पटौदी, हिमांशु निवासी भोंडसी और यश निवासी भोंडसी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों की पहचान सुशांत (खरखौदा) और वरुण (गुरुग्राम) के रूप में हुई है। दोनों घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा रविवार दोपहर करीब 3 बजे पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर पर हुआ। पुलिस के अनुसार हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज गति के कारण कार अनियंत्रित हो गई और फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो को गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त रविवार सुबह क्रेटा कार में सवार होकर गुरुग्राम से हरिद्वार के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक यह हादसा हो गया, जिससे उनके परिवारों में मातम छा गया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।