गुरुग्राम में MBA स्टूडेंट की शातिर चाल, इंटर्नशिप से सीखा सिस्टम और बना बाइक चोर

गुरुग्राम में MBA छात्र ने 25 लाख के बिजनेस घाटे के बाद टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक चोरी कर उन्हें सोशल मीडिया पर बेचना शुरू किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 9 केस सुलझाए।

गुरुग्राम में MBA स्टूडेंट की शातिर चाल, इंटर्नशिप से सीखा सिस्टम और बना बाइक चोर

MBA स्टूडेंट बना शातिर बाइक चोर, 25 लाख के घाटे के बाद अपनाया अपराध का रास्ता
टेस्ट ड्राइव के बहाने शोरूम से महंगी बाइक ले भागता, सोशल मीडिया पर बेचता था
दिल्ली-गुरुग्राम के 9 केस सुलझे, कई महंगी बाइक बरामद


हरियाणा के गुरुग्राम और दिल्ली में महंगी बाइकों की चोरी के मामले में पुलिस ने एक MBA स्टूडेंट पुनीत सतीजा को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने 25 लाख रुपए के बिजनेस घाटे की भरपाई के लिए अपराध का रास्ता चुन लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले रेवाड़ी में कार एक्सेसरीज का बिजनेस करता था, लेकिन लगातार नुकसान के बाद उसने बाइक चोरी की योजना बनाई।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने गुरुग्राम के रॉयल एनफील्ड शोरूम में इंटर्नशिप के दौरान ही यह तरीका सीखा कि किस तरह टेस्ट ड्राइव के नाम पर बाइक लेकर फरार हुआ जा सकता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने कई शोरूमों को निशाना बनाया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का तरीका बेहद शातिर था। वह अलग-अलग शोरूम में जाकर टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेता और फिर वापस नहीं लौटता। तीन महीने पहले उसने गुरुग्राम के सिविल लाइन इलाके में इसी तरह एक बाइक लेकर राजीव चौक के रास्ते दिल्ली की ओर फरार हो गया था।पिछले चार महीनों में उसने दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम के कई शोरूमों से इसी पैटर्न पर बाइक चोरी की।आरोपी चोरी की गई बाइकों को फर्जी डॉक्यूमेंट्स तैयार करके फेसबुक मार्केटप्लेस, व्हाट्सएप ग्रुप और OLX जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सस्ते दामों में बेचता था। पुलिस के अनुसार, वह अब तक 3 बाइक बेच चुका था, जबकि 6 बाइक बेचने की तैयारी में था

हर बाइक की कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। एक बाइक की डिलीवरी भी तय हो चुकी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।19 मार्च को आरोपी ने दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में एक शोरूम से बाइक चोरी की। इस बाइक में GPS ट्रैकर लगा हुआ था, जिससे पुलिस को लोकेशन मिल गई। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसे भलस्वा डेयरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया।पुनीत की चुराई गई हर बाइक की कीमत करीब 3 लाख रुपए की है।

डीसीपी शशांक जायसवाल के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से 9 बाइक चोरी के मामले सुलझे हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से जावा और रॉयल एनफील्ड समेत कई महंगी बाइकें बरामद की हैं।इन मामलों में दिल्ली के विजय विहार, साकेत, सीमापुरी, तिलक नगर, मॉडल टाउन, मोती नगर, पहाड़गंज और गुरुग्राम का सिविल लाइन थाना शामिल है। पुलिस को पूछताछ में और भी खुलासों की उम्मीद है।पुलिस ने बताया कि आरोपी बीकॉम ग्रेजुएट है और फिलहाल MBA की पढ़ाई कर रहा था। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन आर्थिक दबाव और लालच ने उसे अपराध की दुनिया में धकेल दिया।