कांग्रेस नेता की करोड़ों की बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, नेता ने DTP को सुपारी-बाज कहा, कॉलर पकड़कर ले गई पुलिस

गुरुग्राम सेक्टर-68 में कांग्रेस नेता राजेश यादव की अवैध बिल्डिंग पर नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की। राजेश यादव ने इसे राजनीतिक दुर्भावना बताया और डीटीपी पर हमला बोला। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।

कांग्रेस नेता की करोड़ों की बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, नेता ने DTP को सुपारी-बाज कहा, कॉलर पकड़कर ले गई पुलिस

➤ गुरुग्राम सेक्टर-68 में कांग्रेस नेता राजेश यादव की अवैध बिल्डिंग पर नगर निगम ने बुलडोजर चलाया
➤ राजेश यादव ने कार्रवाई को कैबिनेट मंत्री के इशारे पर राजनीतिक दुर्भावना बताया और डीटीपी को सुपारीबाज अधिकारी कहा
➤ बहस के बाद पुलिस ने राजेश यादव को हिरासत में लिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैला

गुरुग्राम के सेक्टर-68 में नगर निगम की टीम ने कांग्रेस नेता राजेश यादव और उनके भाई की करोड़ों रुपए कीमत की अवैध बिल्डिंग पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट और नगर निगम के डीटीपी आरएस बाठ की अगुआई में की गई।

गुरुग्राम में कांग्रेस नेता राजेश यादव का कॉलर पकड़ कर ले जाता पुलिस अधिकारी। - Dainik Bhaskar

कार्रवाई के दौरान राजेश यादव ने इसे कैबिनेट मंत्री के इशारे पर राजनीतिक दुर्भावना बताते हुए विरोध किया। उन्होंने मौके पर डीटीपी आरएस बाठ के साथ बहस की और उन्हें सुपारीबाज अधिकारी तक कह दिया। इस पर डीटीपी भड़क गए और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया कि राजेश यादव को पकड़कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस ने राजेश यादव का कॉलर पकड़कर उन्हें कार में बिठाया और थाने ले गई।

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह बिल्डिंग अवैध तरीके से बनाई गई थी और पहले ही इस संबंध में नोटिस जारी किया गया था। राजेश यादव का आरोप है कि वे गरीबों के लिए आवाज उठाते हैं, इसलिए भाजपा की नीतियों के तहत उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले बिल्डरों की अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर नहीं चलाते, लेकिन विपक्ष को परेशान किया जाता है।

गुरुग्राम में तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान डीटीपी आरएस बाठ और कांग्रेस नेता राजेश यादव के बीच बहस होते हुए।

इस घटना के बाद गुरुग्राम में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ ने बताया कि यह कार्रवाई सरकारी आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण शहर की सुरक्षा और सौंदर्य के लिए खतरा है और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।