जिस कमरे में सो रहा था माता-पिता के साथ, वहीं छात्र ने दी जा*न, नोट लिखकर छोड़ा- स्कूल में डंडे से मारते हैं

हिमाचल के हमीरपुर में DAV स्कूल आलमपुर के 11वीं के छात्र ने प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाई। सुसाइड नोट में शिक्षकों पर मारपीट का आरोप, प्रिंसिपल हिरासत में।

जिस कमरे में सो रहा था माता-पिता के साथ, वहीं छात्र ने दी जा*न, नोट लिखकर छोड़ा-  स्कूल में डंडे से मारते हैं

हिमाचल के सुजानपुर में 11वीं के छात्र ने स्कूल की प्रताड़ना से तंग आकर लगाई फांसी

जेब से मिले सुसाइड नोट में डीएवी स्कूल आलमपुर के शिक्षकों पर मारपीट के गंभीर आरोप

परिजनों और ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर की पूछताछ

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के पटलांदर (सुजानपुर) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां डीएवी स्कूल आलमपुर में 11वीं कक्षा के एक 16 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें शिक्षकों पर डंडे से पीटने और मानसिक रूप से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है और स्कूल प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की है।

छात्र ने अपने अंतिम सुसाइड नोट में लिखा है कि वह 22 जून 2026 को अपनी मर्जी से जान देने जा रहा है। उसने साफ तौर पर लिखा, 'मैं डीएवी स्कूल की वजह से मरने जा रहा हूं, इस स्कूल में बच्चों को डंडे से मारते हैं, परेशान किया जाता है और दुर्व्यवहार किया जाता है।' मूल रूप से कांगड़ा जिले के भलूंदर का रहने वाला यह परिवार 2017 से पटलांदर में किराये के कमरे में रह रहा था। छात्र के पिता एक सेल्समैन हैं और माता बुटीक में काम करती हैं। सोमवार रात माता-पिता के सोने के बाद छात्र रोजाना की तरह पढ़ाई कर रहा था। आशंका है कि रात 10 से 12 बजे के बीच उसने यह कदम उठाया। देर रात करीब 1 बजे जब मां की नींद खुली, तो कमरे में बेटे का शव अपनी ही मां की चुनरी से लटकता देख उनके होश उड़ गए। रात 1:30 बजे स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

इस दुखद घटना के बाद परिजनों, ग्रामीणों और छात्र अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की तादाद में लोग स्कूल परिसर में जमा हो गए और प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक उग्र प्रदर्शन व नारेबाजी की। हालात को बेकाबू होता देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इसके बाद भारी गम और गुस्से के बीच भलूंदर श्मशानघाट में छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और स्कूल स्टाफ से पूछताछ जारी है।