Video: प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दें,चालान तो मैं करूंगा, बैंक मैनेजर से भिड़ा ASI , ₹8000 का चालान काटा; कहा-'तू बड़ा अफसर हो गया क्या'

हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान एक सब इंस्पेक्टर और लुधियाना के सीनियर बैंक मैनेजर के बीच ₹8000 के चालान को लेकर तीखी बहस हो गई। दस्तावेज पूरे होने के दावे के बावजूद चालान काटने और प्रधानमंत्री तक शिकायत करने की चुनौती देने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं।

Video: प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दें,चालान तो मैं करूंगा, बैंक मैनेजर से भिड़ा ASI , ₹8000 का चालान काटा; कहा-'तू बड़ा अफसर हो गया क्या'

हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान SI और बैंक मैनेजर के बीच तीखी बहस
₹8000 का चालान काटा, SI बोला प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दे
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल


हरियाणा के हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान एक सब इंस्पेक्टर और पंजाब के लुधियाना में तैनात सीनियर बैंक मैनेजर के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। आरोप है कि वाहन के सभी दस्तावेज दिखाने के बावजूद ₹8000 का चालान काट दिया गया। बहस के दौरान SI ने कथित रूप से कहा कि वह चालान करेगा, चाहे प्रधानमंत्री तक शिकायत क्यों न कर दी जाए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक निजी कार को रोका गया। कार चला रहे व्यक्ति ने खुद को लुधियाना में तैनात सीनियर बैंक मैनेजर बताया और गाड़ी के कागजात दिखाए। मैनेजर का कहना है कि उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेज पूरे थे। इसके बावजूद SI ने चालान काटने की कार्रवाई शुरू कर दी।

वीडियो में दिखाई देता है कि जब बैंक मैनेजर ने चालान की वजह पूछी तो दोनों के बीच बहस तेज हो गई। मैनेजर ने आरोप लगाया कि उनसे गलत लहजे में बात की गई। इसी दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वीडियो बनाते देख SI और अधिक नाराज हो गया और अपने साथी पुलिसकर्मी से यह कहते सुना गया कि आदेश न मानने का भी चालान करो।

सबसे अहम बात यह रही कि बहस के दौरान SI ने कथित तौर पर कहा, “मैं तो चालान करूंगा, चाहे तू प्रधानमंत्री से शिकायत कर दे।” यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

उधर, जब इस पूरे मामले पर संबंधित SI से पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बैंक मैनेजर का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया गया।

मामले के तूल पकड़ने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या वाहन जांच के दौरान संवाद का तरीका और व्यवहार भी उतना ही महत्वपूर्ण नहीं है जितना कि कानून का पालन। वायरल वीडियो ने हांसी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बहस छेड़ दी है।