हरियाणा बोर्ड 9वीं-11वीं परीक्षा की डेटशीट जारी 16 फरवरी से शुरू होंगी 11वीं की परीक्षाएं, जानें
हरियाणा बोर्ड ने कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा 2026 की डेटशीट जारी की। परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी और सभी पेपर सुबह की शिफ्ट में होंगे।
- हरियाणा बोर्ड ने 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा की डेटशीट जारी
- परीक्षाएं 16 फरवरी से होंगी शुरू, पहले दिन हिंदी और अंग्रेजी का पेपर
- परीक्षा समय सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक रहेगा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का तिथि-पत्र जारी कर दिया है। बोर्ड की घोषणा के साथ ही प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जाकर डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर और सचिव मुनीश शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि कक्षा 11वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी। वहीं कक्षा 9वीं की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से 6 मार्च 2026 तक चलेंगी।
बोर्ड के अनुसार, परीक्षाओं के पहले दिन हिंदी और अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा। सभी परीक्षाएं एक ही शिफ्ट में कराई जाएंगी। परीक्षा का समय सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बोर्ड ने सभी स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे समय रहते छात्रों को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विद्यार्थी अपनी तैयारी सही ढंग से कर सकें।
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर ही आयोजित होंगी, लेकिन डेटशीट का पालन अनिवार्य रहेगा।
Akhil Mahajan