मनाली में नाले में गिरी जिम्नी, 2 की मौत, 3 घायल
मनाली के ओल्ड मनाली क्लब हाउस के पास जिम्नी कार 20 फीट नीचे मनालसु नाले में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
➤ ओल्ड मनाली के क्लब हाउस के पास 20 फीट नीचे नाले में गिरी जिम्नी कार
➤ चालक समेत दो लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
➤ तीन घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने हादसे की जांच शुरू की
मनाली। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन नगरी मनाली में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप उस समय हुआ, जब एक जिम्नी कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे मनालसु नाले में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही थाना मनाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार काले रंग की जिम्नी कार (HP26A-0011) वशिष्ठ से मनाली की ओर आ रही थी। रास्ते में चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे और हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में चालक रोहित कुमार (32) निवासी जिला मंडी और करूण बौद्ध (35) निवासी बजौरा, जिला कुल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
वहीं, कार में सवार विवेक (30), नरेश कुमार (28) और उर्मिला (22) घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह मनाली में सुरक्षित रख दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की वजह चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया है। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थाना मनाली में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Akhil Mahajan