2 फरवरी को हरियाणा कैबिनेट मीटिंग, बजट सत्र पर फैसला संभव
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2 फरवरी को कैबिनेट मीटिंग बुलाई है। बैठक में बजट सत्र की तारीख पर फैसला संभव है। लाडो लक्ष्मी योजना और कर्मचारियों को लेकर अहम निर्णय लिए गए हैं।
2 फरवरी को हरियाणा कैबिनेट मीटिंग, बजट सत्र की तारीख पर फैसला संभव
लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा, होनहार बच्चों की माताएं भी शामिल
2002 से कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों को नियमित मानकर वित्तीय लाभ
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुला ली है। यह कैबिनेट मीटिंग 2 फरवरी को हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में बजट सत्र की तारीख तय किए जाने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
साल 2026 की पहली कैबिनेट बैठक में सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर बड़ा फैसला लिया था। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया था कि इस योजना का लाभ अब उन महिलाओं को भी मिलेगा, जिनके बच्चों ने 10वीं या 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि कैबिनेट बैठक में कुल 6 एजेंडे रखे गए थे और सभी को मंजूरी दे दी गई। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में वर्ष 2002 से कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत ड्राइवरों को बड़ी राहत दी गई है। सरकार ने निर्णय लिया है कि इन्हें नियमित कर्मचारी मानते हुए सभी वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएंगे।
कैबिनेट ने दिवंगत ASI संदीप लाठर की पत्नी संतोष कुमारी को सरकारी नौकरी देने को भी मंजूरी दी है। संतोष कुमारी को कैंपस स्कूल, MDU में PGT गणित (ग्रुप-बी) के पद पर नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय मानवीय और नीतिगत आधार पर लिया गया है और सभी नियमों व योग्यता का पालन किया गया है।
लाडो लक्ष्मी योजना में किए गए बदलावों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब होनहार बच्चों की माताओं को 2100 रुपए की सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही जिन माताओं ने अपने बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बाहर निकाला, उन्हें भी योजना का लाभ मिलेगा।
इस योजना के तहत 1100 रुपए सीधे महिलाओं के खाते में दिए जाएंगे, जबकि 1000 रुपए सरकार द्वारा डिपॉजिट किए जाएंगे, जो ब्याज सहित मिलेंगे। लाभार्थी की असामयिक मृत्यु की स्थिति में यह राशि नोमिनी को तुरंत दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख 255 महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से 8 लाख महिलाओं को सहायता राशि मिल रही है, जबकि शेष आवेदनों का सत्यापन जारी है। अब तक 250 करोड़ रुपए की सहायता राशि दो किस्तों में वितरित की जा चुकी है।
Akhil Mahajan