अब दिन में भी होगी ठंड... 7 डिग्री तक गिरा हरियाणा का तापमान
हरियाणा में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
➤हरियाणा में दिन और रात दोनों में बढ़ी ठंड
➤तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज
➤पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानों में दिखा
हिसार। हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी का सीधा असर अब मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगा है। ठंडी हवाओं के चलते राज्य के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 6 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
गुरुवार सुबह हिसार में हल्की धुंध छाई रही, जबकि ठंडी हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। बुधवार तक जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के करीब था, वहीं गुरुवार को यह 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
यमुनानगर और सोनीपत में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। यमुनानगर में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम है। वहीं सोनीपत में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी से ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बहने लगीं, जिससे हरियाणा के मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जबकि दिन के समय हल्की धूप निकलने की संभावना बनी रहेगी।
हिसार में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं महेंद्रगढ़ और नारनौल में तापमान 11 डिग्री, गुरुग्राम में 25.4, अंबाला में 28.2, पानीपत में 27.2 और यमुनानगर में 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहाड़ों की बर्फबारी का असर साफ दिखने लगा है — अब हरियाणा में रात के साथ दिन में भी ठंडक बढ़ेगी।
Author1