2.41 लाख पेंशनरों को बड़ी राहत: अब घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र, सरकार ने दी ऑनलाइन सुविधा

हरियाणा के 2.41 लाख पेंशनरों को बड़ी राहत, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान में शामिल हुआ राज्य। घर बैठे स्मार्टफोन से सर्टिफिकेट जमा करने की सुविधा मिलेगी।

2.41 लाख पेंशनरों को बड़ी राहत: अब घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र, सरकार ने दी ऑनलाइन सुविधा

  • हरियाणा के 2.41 लाख पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान का लाभ

  • घर बैठे स्मार्टफोन से जमा कर सकेंगे डिजिटल सर्टिफिकेट

  • राज्य व जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त, बैंक भी शामिल


चंडीगढ़, 13 नवंबर। हरियाणा के 2.41 लाख पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 4.0 (NWDLC) में शामिल होने की घोषणा की है। यह अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत पेंशनभोगी अब घर बैठे डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र (DLC) जमा कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनभोगियों को कोषागार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब वे अपने स्मार्टफोन, जीवन प्रमाण पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए घर से ही प्रमाण पत्र भेज सकेंगे।

हरियाणा के कोषागार एवं लेखा विभाग की महानिदेशक सीजी रजनी कंथन ने बताया कि अभियान के समन्वय के लिए पंचकूला के पेंशन वितरण प्रकोष्ठ (PDC) के संयुक्त निदेशक राकेश राठी को राज्य नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सभी जिलों के कोषागार अधिकारियों को उप-नोडल अधिकारी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि इस डिजिटल अभियान के तहत राज्यभर के पेंशन वितरण बैंक — SBI, PNB, BOI, UBI, CBI और केनरा बैंक — के माध्यम से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पात्र लाभार्थी शामिल होंगे। इससे पेंशन प्रक्रिया और भी पारदर्शी और निर्बाध बनेगी।

कोषागार विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी पेंशनर को दिक्कत न आए और आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए। सरकार ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अवश्य जमा करें, ताकि पेंशन भुगतान में कोई विलंब न हो।