हरियाणा पुलिस का एएसआई तीन लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
हरियाणा पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक को एसीबी ने तीन लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड में मदद के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
- हरियाणा पुलिस का एएसआई तीन लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
- पुलिस रिमांड में परेशान न करने की एवज में मांगी थी रिश्वत
- जोधपुर ग्रामीण एसीबी की टीम ने कापरड़ा थाना क्षेत्र में की कार्रवाई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक को तीन लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्रामीण पुलिस के कापरड़ा थाना क्षेत्र में की गई।
एसीबी के अनुसार आरोपी सहायक उपनिरीक्षक परिवादी के मामा को एक प्रकरण में पुलिस रिमांड के दौरान परेशान नहीं करने और मदद करने के बदले तीन लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा था। यह प्रकरण हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सदर थाना क्षेत्र में दर्ज बताया गया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि जोधपुर ग्रामीण इकाई को इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई को मंजूरी दी गई।
डीआईजी भुवन भुषण यादव के सुपरविजन में एएसपी पारस सोनी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने शनिवार शाम जोधपुर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कापरड़ा थाना क्षेत्र से आगे कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस क्राइम ब्रांच पालम विहार, गुरुग्राम में तैनात सहायक उपनिरीक्षक प्रवीण को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Author1