हरियाणा पुलिस का ASI जितेंद्र सिंह खेलेगा विश्वकप: जॉर्डन में चमका दम, भारतीय टीम ने जीता कांस्य
हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने जॉर्डन में आयोजित क्वालीफाइंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टेंट पेगिंग टीम को 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराया। DGP अजय सिंघल ने दी बधाई।
➤ जॉर्डन क्वालीफायर में भारत ने किया शानदार प्रदर्शन
➤ हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जलवा
➤ डीजीपी अजय सिंघल ने दी बधाई, बताया युवाओं के लिए प्रेरणा
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय टेंट पेगिंग टीम ने 29 से 31 जनवरी 2026 तक जॉर्डन की प्रशासनिक राजधानी अकाबा में आयोजित विश्व कप क्वालीफाइंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 2026 टेंट पेगिंग विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में एएसआई जितेंद्र सिंह की भूमिका अहम रही।
प्रतियोगिता के दौरान भारतीय टीम ने समन्वय, तकनीकी दक्षता और साहस का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इंटरनेशनल टेंट पेगिंग फेडरेशन (ITPF) द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में भारतीय टीम के विश्व कप में चयन की पुष्टि की गई है। हरियाणा पुलिस के लिए यह गौरव का विषय है कि उनके विभाग का एक अधिकारी अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
डीजीपी ने दी बधाई
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने एएसआई जितेंद्र सिंह सहित पूरी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का अनुशासन, समर्पण और कठोर परिश्रम युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से जितेंद्र सिंह की सटीक तकनीक और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और इसे हरियाणा पुलिस की खेल भावना का प्रतीक बताया।
टीम और व्यक्तिगत प्रदर्शन में दम
भारतीय टीम ने ओवरऑल स्टैंडिंग में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता। पहले दिन लांस इवेंट में रजत पदक हासिल किया गया। दूसरे दिन स्वॉर्ड इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। तीसरे दिन रिंग्स इवेंट में पुनः कांस्य पदक अर्जित किया गया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ी धनराज सिरसाट ने लांस इवेंट में कांस्य और स्वॉर्ड इवेंट में रजत पदक जीता। टीम के अन्य सदस्य धनराज सिरसाट, जितेंद्र सिंह, संदीप सिंह तथा एलडी बोंगे गणेश बालिराम ने तेज गति, सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना
ITPF के अध्यक्ष मोहम्मद ईसा अल फेयरूज ने भारतीय टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारतीय टीम की निरंतर प्रगति को भारत में टेंट पेगिंग खेल के मजबूत विकास का संकेत बताया।
यह उपलब्धि भारतीय खेल जगत और हरियाणा पुलिस दोनों के लिए गर्व का विषय है।
Akhil Mahajan