हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 4 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले, जानें
हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चार वरिष्ठ IPS अधिकारियों को जेल, विजिलेंस, पुलिस अकादमी और मानवाधिकार विभाग की नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
- हरियाणा पुलिस में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल
- चार वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियां तय
जेल, विजिलेंस, पुलिस अकादमी और मानवाधिकार विभाग में बदलाव
चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने चार वरिष्ठ IPS अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल को पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी व सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
आदेश के अनुसार IPS आलोक मित्तल को जेल विभाग का महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया है। उन्हें राज्य की जेल व्यवस्था को मजबूत करने और सुधारात्मक कार्यों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं IPS अर्शिंदर सिंह चावला को स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो का DG बनाया गया है। उनके नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा IPS कला रामचंद्रन को डायरेक्टर, हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन, करनाल नियुक्त किया गया है। पुलिस प्रशिक्षण व्यवस्था को आधुनिक और व्यावहारिक बनाने की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर होगी।
IPS सीएस राव को उनकी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ एडीजी पुलिस हरियाणा, ह्यूमन राइट्स एंड लिटिगेशन का एडिशनल चार्ज सौंपा गया है। इससे मानवाधिकार और कानूनी मामलों की निगरानी को और मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक यह फेरबदल पुलिसिंग सिस्टम को अधिक जवाबदेह और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
Akhil Mahajan