हिमाचल के इस पूर्व BJP विधायक पर केस दर्ज,आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ने शुरू की जांच
हिमाचल प्रदेश के देहरा के पूर्व भाजपा विधायक पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक खाते, निवेश और संपत्तियों की जांच होगी।
हिमाचल में पूर्व भाजपा विधायक पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज
विजिलेंस ने धर्मशाला थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की
आय के स्रोत, बैंक खाते, निवेश और संपत्तियों की होगी गहन जांच
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा के पूर्व भाजपा विधायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में विजिलेंस ब्यूरो ने मामला दर्ज किया है। विभिन्न एजेंसियों से संपत्तियों का मूल्यांकन कराने के बाद धर्मशाला थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक पर अपनी घोषित आय से अधिक करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। मामले की प्रारंभिक जांच और विभिन्न विभागों की रिपोर्ट के आधार पर विजिलेंस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच एजेंसियां अब पूर्व विधायक के आय के स्रोत, बैंक खातों, निवेश, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेन-देन की विस्तार से पड़ताल करेंगी। इसके साथ ही विभिन्न एजेंसियों द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, विधायक के आलीशान मकान और अन्य परिसंपत्तियों का मूल्यांकन विभिन्न एजेंसियों से कराया गया। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) ने भी संपत्तियों के मूल्यांकन संबंधी रिपोर्ट तैयार की है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित विधायक की सुक्खू सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर लगातार टकराव की स्थिति रही है। ऐसे में इस कार्रवाई के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। हालांकि जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ेगी।
फिलहाल विजिलेंस ब्यूरो ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि या खंडन हो सकेगा।
"यह मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। हमें उम्मीद है कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।" — डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा
pooja