हरियाणा के 2 जिलों में बारिश, 8 में अलर्ट,8 अगस्त तक एक्टिव रहेगा मानसून

हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी है। 8 अगस्त तक बारिश के आसार हैं और तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

हरियाणा के 2 जिलों में बारिश, 8 में अलर्ट,8 अगस्त तक एक्टिव रहेगा मानसून

हरियाणा के 2 जिलों में बारिश, 8 अगस्त तक मानसून रहेगा सक्रिय

■ 10 जिलों में यलो अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश के आसार

■ बारिश से प्रदेश का अधिकतम तापमान 4.5°C तक लुढ़का


हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह से फरीदाबाद और रेवाड़ी जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रिकॉर्ड की गई है। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी समेत 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 7 और 8 अगस्त को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

बीते 24 घंटे के दौरान पलवल में सबसे अधिक 78.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57.0 मिमी और यमुनानगर में 32.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के दिन के औसत तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

बारिश का असर कई जिलों में जनजीवन पर भी देखने को मिला। नूंह जिले के पीएम श्री स्कूल, गांव साकरस में 3 से 4 फुट तक पानी भर गया, जहां बच्चे पानी में नहाते नजर आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर बारिश में स्कूल परिसर जलमग्न हो जाता है। वहीं गुरुग्राम के वार्ड-35 में सड़क पर करीब तीन फुट तक पानी भर गया, जिसके बीच से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। रेवाड़ी के तेजपुर मोहल्ले और मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया में भी जलभराव की स्थिति बनी रही।

एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ की अक्षीय रेखा इस समय फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज और डिगा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मानसूनी हवाएं सक्रिय हुई हैं, जिससे 7 और 8 अगस्त के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। सिरसा में अधिकतम तापमान 34.7°C दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में 26.1°C, करनाल में 27.0°C, यमुनानगर में 27.2°C और रोहतक में 28.1°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 अगस्त तक तापमान में इसी तरह नरमी बनी रह सकती है।

रात के तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 1.1°C घटा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8°C हिसार में रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.3°C कम है। इसके अलावा रेवाड़ी में 23.7°C, नूंह में 23.8°C, नारनौल और भिवानी में 24.0°C तथा चंडीगढ़ में 25.0°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आगामी दिनों में रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।