बिजली निगम का ALM ₹15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, लाइन बदलने के बदले मांगे थे ₹20 हजार
फतेहाबाद में एसीबी ने DHBVN के सहायक लाइनमैन को ₹15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बिजली लाइन बदलने के बदले ₹20 हजार की मांग की गई थी।
➤ रतिया में एसीबी ने बिजली निगम के ALM को ₹15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
➤ बिजली लाइन बदलने के नाम पर किसान से ₹20 हजार की मांग की थी
➤ ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्रैप, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के सहायक लाइनमैन (ALM) सतपाल को ₹15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की तैनाती रतिया के गांव रत्ताखेड़ा में थी। आरोप है कि उसने बिजली लाइन बदलने और संबंधित कार्य करने के बदले किसान से ₹20 हजार की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा ₹15 हजार में तय हुआ।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ फतेहाबाद ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
किसान की शिकायत पर बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एसीबी टीम ने यह कार्रवाई की। गांव रत्ताखेड़ा निवासी किसान अनिल कुमार ने शिकायत दी थी कि ALM सतपाल बिजली लाइन बदलने और संबंधित कार्य के लिए उससे ₹20 हजार की रिश्वत मांग रहा है।
बातचीत के बाद दोनों के बीच ₹15 हजार में सौदा तय हुआ। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले की जांच की और आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद ट्रैप की योजना बनाई।
रिश्वत लेते ही रंगे हाथ गिरफ्तार
एसीबी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की। तय योजना के तहत रतिया-सरदूलगढ़ रोड पर आरोपी को बुलाया गया। जैसे ही सतपाल ने शिकायतकर्ता से ₹15 हजार की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी सतपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
Akhil Mahajan