थाने के सामने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 घायल

थाने के सामने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 6 घायल

दादरी में थाने के सामने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग

6 लोग गोली लगने से घायल, 2 की हालत गंभीर

पुलिस ने शुरुआती जांच में गैंगवार की आशंका जताई


हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार को दिनदहाड़े थाने के सामने हुई अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। सिटी थाना के ठीक सामने हुई इस वारदात में ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार 6 लोग गोली लगने से घायल हो गए। इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है।

स्कॉर्पियो पर गोलीबारी के बाद पुलिस ने इलाका सील कर दिया। गाड़ी में युवक लहूलुहान हालत में घायल दिखे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिटी थाना के सामने दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान बदमाशों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। कुछ ही सेकंड में वाहन गोलियों से छलनी हो गया। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ब्लैक स्कॉर्पियो के अंदर घायल युवक लहूलुहान हालत में बैठे दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।

काली स्कॉर्पियो पर गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने भीड़ हटाकर पूरे एरिया को सील कर दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले स्कॉर्पियो को रुकवाया और फिर अंधाधुंध फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह सुरक्षा बढ़ा दी है।

इसी काली स्कॉर्पियो में बैठे 6 लोगों पर फायरिंग की गई। जिसमें से 2 लोगों की हालत गंभीर है।

फायरिंग के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।