हरियाणा रोडवेज में बड़ा फेरबदल: 7 जनरल मैनेजर्स के तबादले
हरियाणा सरकार ने परिवहन विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए 7 जनरल मैनेजर्स के तबादले किए हैं। रोहतक, सिरसा और फतेहाबाद समेत कई जिलों में नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है।
➤ हरियाणा रोडवेज विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी
➤ एक साथ 7 जनरल मैनेजर्स के तबादले और नई नियुक्तियां
➤ रोहतक, सिरसा और फतेहाबाद समेत कई जिलों को मिले नए प्रशासनिक मुखिया
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने राज्य के परिवहन विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 7 जनरल मैनेजर्स (GM) के तत्काल प्रभाव से तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंडरू द्वारा हस्ताक्षरित इस सूची में कई अधिकारियों को मुख्यालय से फील्ड में भेजा गया है, जबकि कुछ को पदोन्नति का लाभ देते हुए अहम जिलों की कमान सौंपी गई है।
इस फेरबदल के तहत नवीन कुमार को पदोन्नति के बाद चंडीगढ़ मुख्यालय से रोहतक रोडवेज का नया जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है। वहीं, मुख्यालय में तैनात मनोज कुमार अब फतेहाबाद रोडवेज की कमान संभालेंगे। सिरसा के जीएम अनित कुमार को स्थानांतरित कर झज्जर भेजा गया है। प्रशासनिक संतुलन बनाने के लिए नूंह में कार्यरत कुलदीप जांगड़ा को अब सिरसा रोडवेज का नया जीएम लगाया गया है।
दूसरी ओर, झज्जर से संजीव तिहल और हाल ही में पदोन्नत हुए समिंदर को चंडीगढ़ मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, प्रदीप कुमार को मुख्यालय से हटाकर नूंह का नया जनरल मैनेजर तैनात किया गया है। विभाग ने इन सभी अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अपने नए केंद्रों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकारी बस सेवाओं के संचालन और प्रबंधन में निरंतरता बनी रहे।
Akhil Mahajan