हरियाणा में 15 जून तक मौसम रहेगा खराब ,10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हरियाणा में आंधी-तूफान और बारिश से कई जिलों में नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर 80 किमी प्रति घंटा हवाओं की चेतावनी दी है।
हरियाणा में आधी रात बाद आंधी-तूफान और बारिश से कई जिलों में नुकसान
कुरुक्षेत्र में छत गिरने से व्यक्ति मलबे में दबा, टोहाना में कार पर गिरी दीवार
मौसम विभाग का 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 80 KM/H तक हवाएं चलने की चेतावनी
हरियाणा में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिसके कारण यातायात बाधित रहा।
फतेहाबाद के जाखल और कुलां क्षेत्र में बड़े-बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे कई मार्गों पर ट्रैफिक रुक गया। टोहाना क्षेत्र में चंडीगढ़-बलियाला रोड पर भी कई पेड़ टूटकर सड़क पर आ गिरे। वहीं टोहाना में करीब 10 फीट ऊंची दीवार एक कार पर गिर गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
कुरुक्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की छत गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति मलबे के नीचे दब गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
इससे पहले सिरसा, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में भी तेज बारिश दर्ज की गई। सोनीपत में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे खेतों में पानी भर गया और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश में खराब मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज हरियाणा के सभी 22 जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 जून से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिलेगा। हालांकि पश्चिमी और मध्य हरियाणा के करीब 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है।
14 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में येलो अलर्ट रहेगा, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा। 15 जून को भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद के कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश का असर बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। भिवानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रोहतक में 44.5 और फरीदाबाद में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जहां सबसे अधिक 7.9 डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड हुई।
रात के तापमान में भी कमी देखने को मिली। अंबाला में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
pooja