5 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट हरियाणा में तूफान के बाद बिजली व्यवस्था प्रभावित
हरियाणा में तेज आंधी-तूफान से कई जिलों में भारी नुकसान हुआ। ट्रांसफॉर्मर गिरे, पेड़ उखड़े और नूंह में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई।
हरियाणा में आंधी-तूफान से भारी तबाही
5 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी
नूंह में दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत
हरियाणा में देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगह बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर और पेड़ टूटकर गिर गए। कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
यमुनानगर में तेज आंधी के कारण बिजली के खंभे टूट गए और ट्रांसफॉर्मर नीचे गिर पड़ा। कई जगह बिजली की तारें सड़कों पर बिखरी नजर आईं। वहीं फतेहाबाद में तेज हवाओं के चलते मोबाइल टावर टूटकर नीचे लटक गया।
हिसार के किरमारा गांव के पास 440 KVA बिजली लाइन के टावर टूटकर खेतों में गिर गए। इसके कारण आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं सिरसा और अन्य जिलों में भी पेड़ उखड़ने और खंभे गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।
आंधी-तूफान के साथ प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। रेवाड़ी, सिरसा, हिसार, गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी और फतेहाबाद में जमकर ओले गिरे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हालांकि इस मौसम ने कई परिवारों को दर्द भी दिया। नूंह जिले में अलग-अलग हादसों में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। गोलपुरी गांव में क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर स्कूल की दीवार गिर गई, जिसमें 13 वर्षीय सूफियान की जान चली गई। वहीं चंदेनी गांव में घर की दीवार गिरने से 9 वर्षीय अन्वेष की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी हरियाणा के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आ सकता है। इसके साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान सिरसा में 45.4°C दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 44.2°C और महेंद्रगढ़ में 44.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सुबह और रात के मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
pooja