हरियाणा में मौसम का कहर: आज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में 50 KM/H तक तेज हवाएं चल सकती हैं और फसलों को नुकसान की आशंका है।

हरियाणा में मौसम का कहर: आज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आज हरियाणा में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
50 KM/H तक तेज हवाएं, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिसार में रात को तेज बारिश, सिरसा-फतेहाबाद में चली आंधी


हरियाणा में आज मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लगभग सभी जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया है, जबकि दक्षिण हरियाणा के कई हिस्सों में स्थिति अधिक गंभीर होने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज बारिश के साथ ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।

प्रदेश के दक्षिण और पश्चिमी जिलों जैसे हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में आंधी और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है। वहीं उत्तरी और पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। मध्य हरियाणा के रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं।हिसार में तेज हवाओं के साथ आसमान में बिजली कड़कड़ाती हुई।

इससे पहले 2 अप्रैल को भी मौसम ने करवट ली थी। हिसार में रात के समय तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि सिरसा और फतेहाबाद में तेज आंधी चली। 31 मार्च को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसल को नुकसान पहुंचा था।

मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल को भी हालात सामान्य नहीं रहेंगे। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है और कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 KM/H रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 50 KM/H तक पहुंच सकते हैं। बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ने की आशंका जताई गई है।

तापमान की बात करें तो राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। करनाल में 17.7 डिग्री, चंडीगढ़ में 17.6, हिसार में 18.2 और रोहतक में 18.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा। दूसरी ओर अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि भिवानी, अंबाला, करनाल और रोहतक में भी तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच गया। हालांकि आने वाले दिनों में बारिश और आंधी के चलते तापमान में गिरावट की संभावना है।हिसार में रात को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

मार्च महीने में भी हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान औसतन 17.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 19% ज्यादा है। रोहतक में सबसे ज्यादा 37.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी में भी सामान्य से अधिक वर्षा हुई।