हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत
हरियाणा के 18 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी। तापमान में गिरावट की संभावना, नारनौल में 44.2°C दर्ज, अगले 48 घंटे अहम।
हरियाणा के 18 जिलों में आज बारिश का अलर्ट
30-40 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
नारनौल रहा सबसे गर्म, 44.2°C दर्ज तापमान
हरियाणा में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के अनुसार आज भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
इस मौसमी बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में एक दिन पहले नारनौल सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन के सबसे अधिक तापमानों में से एक माना जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। खासकर सिरसा और आसपास के इलाकों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेवात में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है।
30 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं।
अगर तापमान की बात करें तो रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि शनिवार के मुकाबले इसमें करीब 3 डिग्री की हल्की गिरावट भी देखने को मिली।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले 48 घंटों में कई शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे आ सकता है।
वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है। फरीदाबाद में 30.7°C के साथ ‘वार्म नाइट’ जैसी स्थिति देखने को मिली है।
पिछले 24 घंटों में रात के तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। ठंडी हवाओं की कमी और बादलों की आवाजाही के कारण रात में उमस बढ़ी है। हालांकि बारिश और आंधी के बाद रात के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट संभव है।
pooja