हिसार में डॉ. कालड़ा के घर-अस्पतालों पर IT रेड जारी, 100 करोड़ से अधिक के लेनदेन का शक
हिसार में डॉ. उमेश कालड़ा के आवास और अस्पतालों पर इनकम टैक्स विभाग की रेड जारी है। सर्वोदय अस्पताल की संभावित बिक्री और 100 करोड़ से अधिक के लेनदेन को लेकर जांच की जा रही है।
■ सुबह 6 बजे घर और तीन अस्पतालों पर एक साथ छापा
■ सर्वोदय अस्पताल की बिक्री से पहले संदिग्ध लेनदेन की सूचना
■ 100 करोड़ से अधिक के ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी IT टीम
हरियाणा के हिसार में प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. उमेश कालड़ा के आवास और अस्पतालों पर इनकम टैक्स विभाग की रेड बुधवार सुबह से लगातार जारी है। सुबह करीब 6 बजे विभाग की टीमें दबे पांव शहर पहुंचीं और सेक्टर-13 स्थित आवास, सर्वेश अस्पताल तथा सर्वोदय अस्पताल समेत तीन प्रमुख ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि आने वाले दिनों में करोड़ों रुपए के बड़े लेनदेन होने वाले हैं। इसी इनपुट के आधार पर खातों की निगरानी की जा रही थी। जांच एजेंसी को 100 करोड़ रुपए से अधिक के संभावित ट्रांजैक्शन का शक है। बताया जा रहा है कि सर्वोदय अस्पताल की बिक्री को लेकर रजिस्ट्री की तैयारी चल रही थी और हाल ही में इसका सौदा अंतिम चरण में था। हालांकि एनओसी नहीं मिलने के कारण रजिस्ट्री में देरी हो रही थी। अस्पताल के एरिया को लेकर आपत्ति दर्ज की गई थी, जिससे प्रक्रिया अटक गई थी।
रेड के दौरान टीम ने पीएलए स्थित रिश्तेदार राजकुमार आहुजा के घर पर भी दस्तक दी है। इसके अलावा जिन स्थानों पर डॉ. कालड़ा की पार्टनरशिप बताई जा रही है, वहां भी छापेमारी की सूचना है। नेशनल हाईवे किनारे किए गए एक बड़े निवेश प्रोजेक्ट को लेकर भी विभाग की नजर बनी हुई थी।
कार्रवाई के दौरान सेक्टर-13 स्थित आवास के बाहर 4 से 5 हरियाणा नंबर की कॉमर्शियल गाड़ियां खड़ी देखी गईं। जानकारी के मुताबिक, सुबह शुरुआती समय में टीम गलती से किसी अन्य मकान पर पहुंच गई थी, बाद में सही पते की पुष्टि होने पर कार्रवाई शुरू की गई। उल्लेखनीय है कि डॉ. कालड़ा के घर के बाहर किसी प्रकार की नेम प्लेट भी नहीं लगी हुई है।
इनकम टैक्स टीम ने परिवार के सदस्यों के फोन बंद करवा दिए हैं और किसी भी सदस्य को घर या अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और डॉ. कालड़ा से लगातार पूछताछ हो रही है। टीम ने रेड के दौरान बाहर से खाना मंगवाया और पूरी कार्रवाई को अंदर ही सीमित रखा गया है।
डॉ. कालड़ा ने अपने अस्पताल में भर्ती मरीजों को लेकर चिंता भी जताई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों की देखभाल जारी रखने का आश्वासन दिया गया है। उधर, विभागीय सूत्रों का कहना है कि लेनदेन, संपत्ति निवेश और खातों की गहराई से जांच की जा रही है। हिसार के मेडिकल और कारोबारी हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
Akhil Mahajan