अजय चौटाला के बयान पर सांसद जयप्रकाश का पलटवार: धनबल और दबाव से बनी सरकार
हिसार में कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने अजय चौटाला के राज्यसभा और विधायकों के समर्थन वाले दावे पर पलटवार करते हुए BJP पर धनबल और दबाव की राजनीति से सरकार बनाने का आरोप लगाया।
■ अजय चौटाला के बयान पर सांसद जयप्रकाश का पलटवार
■ बोले- धनबल और दबाव से बनी BJP सरकार
■ कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को बताया बेबुनियाद
हिसार के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रविवार को कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी के बयान ने हरियाणा की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया। जेजेपी नेता अजय सिंह चौटाला के वायरल दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए जयप्रकाश ने कई सवाल उठाए और पूरे मामले को प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में खरीद-फरोख्त सबसे बड़ा खतरा है और इसमें लेने व देने वाले दोनों बराबर दोषी होते हैं।
अजय चौटाला ने दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें राज्यसभा चुनाव लड़ने का ऑफर दिया था और कांग्रेस के 9 विधायकों का समर्थन दिलाने की बात कही थी। इस दावे के सामने आने के बाद हरियाणा की राजनीति में हलचल तेज हो गई और सत्ता पक्ष व विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
जयप्रकाश ने इस पूरे मामले को 2024 के सत्ता समीकरणों से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल और दबाव की राजनीति के जरिए सरकार बनाई गई और अब इस तरह के बयान उस रणनीति को उजागर कर रहे हैं।
अजय चौटाला द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर लगाए गए 25-25 करोड़ रुपए में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को जयप्रकाश ने पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश है और इसका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं है।
भाजपा नेताओं से मुलाकात करने वाले कांग्रेस विधायकों पर पार्टी ने सख्ती दिखाई है। जयप्रकाश ने बताया कि संबंधित विधायकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और अनुशासन समिति इस मामले की जांच कर रही है। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान लेगा।
shubham