प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने रिटायर्ड महिला टीचर को मारा चाकू, अस्पताल में भर्ती
हिसार के जवाहर नगर में रिटायर्ड टीचर उर्मिला ठकराल पर किराए पर रहने आई युवती तमन्ना ने चाकू से हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस कर रही पूछताछ।
➤ हिसार में रिटायर्ड टीचर पर युवती ने चाकू से हमला किया
➤ आरोपी तमन्ना 10 दिन पहले ही आई थी किराए पर रहने
➤ सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस कर रही पूछताछ
हरियाणा के हिसार से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जवाहर नगर की गली नंबर 6 में रहने वाली रिटायर्ड टीचर उर्मिला ठकराल पर एक युवती ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उर्मिला की छाती और पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती का नाम तमन्ना है। वह करीब 10 दिन पहले ही इलाके में किराए पर रहने आई थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद वह अपने घर गई, कपड़े बदले और वापस घटनास्थल पर आकर पड़ोसियों से घटना के बारे में पूछताछ करने लगी। इसी दौरान एक महिला पड़ोसी ने उसे पहचान लिया और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वारदात के बारे में जानकारी देते हुए सिविल लाइन SHO रिशाल सिंह ने बताया कि आरोपी युवती बार-बार अपने बयान बदल रही है। कभी वह कहती है कि पीड़िता को पहले से जानती थी, तो कभी अपने बयान से पलट जाती है। SHO का कहना है कि महिला के होश में आने के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि एक पढ़ाई कर रही युवती अचानक इस तरह हमला कैसे कर सकती है।
Akhil Mahajan