1 जून को पूरे हरियाणा में प्रदर्शन करेगी इनेलो
इनेलो ने पेट्रोल, डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 1 जून 2026 को पूरे हरियाणा में प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रो. संपत सिंह ने भाजपा सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगाया।
पेट्रोल-डीजल और गैस कीमतों के खिलाफ BJP सरकार पर बोला हमला
➤ इनेलो ने 1 जून को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया
➤ प्रो. संपत सिंह बोले- पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों ने जनता की कमर तोड़ी
➤ केंद्र और हरियाणा सरकार पर पेट्रोलियम टैक्स से भारी कमाई का आरोप
चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पूरे हरियाणा में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि 1 जून 2026 को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
पूर्व मंत्री और इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीवन मुश्किल हो गया है।
प्रो. संपत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने पेट्रोल में 7.50 रुपए प्रति लीटर, घरेलू गैस सिलेंडर में 110 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपए तक की बढ़ोतरी कर जनता पर आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने इसे “जनता के साथ खुली लूट” बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पेट्रोलियम और गैस की कीमतों को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। चुनाव के समय कीमतें नियंत्रित रखी जाती हैं और चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है।
प्रो. संपत सिंह ने दावा किया कि वित्त वर्ष 2014-15 से 2025-26 के बीच केंद्र और राज्य सरकारों ने पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्स और राजस्व के जरिए लगभग 75 लाख करोड़ रुपए कमाए हैं। वहीं हरियाणा सरकार ने अकेले पेट्रोल और डीजल पर टैक्स से 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तेल कंपनियों ने करीब 10 लाख करोड़ रुपए और रिलायंस जैसी निजी कंपनियों ने करीब 9 लाख करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया। उन्होंने हाल ही में आई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जनवरी 2026 से मार्च 2026 के बीच निजी तेल कंपनियों का लाभ 41 प्रतिशत तक बढ़ गया।
इनेलो नेता ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2014 में भाजपा पेट्रोल-डीजल की महंगाई को लेकर तत्कालीन सरकार पर सवाल उठाती थी, लेकिन अब खुद भारी टैक्स वसूला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन, खेती-किसानी और घरेलू खर्च सभी प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद सरकार और तेल कंपनियां मुनाफाखोरी में लगी हुई हैं।
प्रो. संपत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 31 मई 2026 तक बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो 1 जून को इनेलो पूरे हरियाणा में जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की मांग है कि पेट्रोल, डीजल और गैस पर लगाए गए अत्यधिक टैक्स तुरंत कम किए जाएं और कच्चे तेल की सस्ती कीमत का लाभ आम जनता, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग तक पहुंचाया जाए।
Akhil Mahajan