बाइक खड़ी करने पर हुआ झगड़ा, फिर चाकू मारकर मौत के घाट उतारा पड़ोसी
सोनीपत के गांव ईशापुर खेड़ी में ट्रक चालक पंकज को पड़ोसियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद घातक साबित हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ गांव ईशापुर खेड़ी में ट्रक चालक की चाकू से हत्या
➤ बाइक खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों से हुआ विवाद, फिर घात लगाकर हमला
➤ परिजन उसे अस्पताल ले गए, डॉक्टर ने मृत घोषित किया, पुलिस जांच में जुटी
सोनीपत के गांव ईशापुर खेड़ी में रविवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां के 30 वर्षीय ट्रक चालक पंकज की पड़ोसियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना की शुरुआत एक मामूली विवाद से हुई थी, जब पंकज गली में बाइक खड़ी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 11 बजे पंकज ने बाइक गली में खड़ी की। उसी समय पड़ोसियों विकास उर्फ बिट्टू, उसके भाई प्रदीप और उनके पिता राज सिंह के बीच बाइक खड़ी करने को लेकर कहासुनी हुई। प्रारंभ में विवाद शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए।
रात करीब 12:30 बजे पंकज जब बाइक को घर के अंदर ले जाने के लिए बाहर निकला, तो घात लगाकर बैठे प्रदीप और राज सिंह ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान विकास ने पंकज पर चाकू से पेट और छाती में तीन वार किए। पंकज के शोर मचाने पर तीनों आरोपी वहां से भाग गए।
परिजन तुरंत बाहर निकले और पंकज को लहूलुहान हालत में नागरिक अस्पताल गोहाना ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद बरोदा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के परिजन और ग्रामीण इस घटना से शोकाकुल हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
Akhil Mahajan