झज्जर में ट्रेन के आगे कूदकर दंपती ने दी जान पहले गले मिले, फिर ट्रेन के सामने कूदे पति-पत्नी
झज्जर में एक दंपती ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पहले एक-दूसरे के गले मिले और फिर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
■ झज्जर में ट्रेन के आगे कूदकर दंपती ने की आत्महत्या
■ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले गले मिले, फिर एक साथ लगाई छलांग
■ रोहतक से आए थे दोनों, पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच
हरियाणा के झज्जर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक दंपती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सन्न रह गए।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो जोंधी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी के साथ रोहतक से झज्जर की ओर आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय रोहतक से खाटू श्याम की ओर जाने वाली ट्रेन गुजरने वाली थी, जिसके कारण रेलवे फाटक बंद था। इसी दौरान दंपती रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे और कुछ देर वहीं खड़े रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन आने से कुछ ही क्षण पहले दोनों एक-दूसरे के गले लगे और फिर अचानक ट्रेन के सामने एक साथ छलांग लगा दी। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ और मामले की जांच कर रही है।
shubham