हरियाणा :एनसीआर नहर में डूबा 14 वर्षीय किशोर, चार घंटे बाद मिला श*व
झज्जर के खेडीजट गांव में एनसीआर नहर में नहाते समय 14 वर्षीय ध्रुव की डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ ने चार घंटे बाद उसका शव बरामद किया।
झज्जर की एनसीआर नहर में नहाते समय 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत
रस्सी हाथ से छूटने के बाद तेज बहाव में बहा, चार घंटे बाद मिला शव
प्रशासन ने पहले ही नहरों में नहाने पर लगाया हुआ है प्रतिबंध
हरियाणा के झज्जर जिले के खेडीजट गांव में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की एनसीआर नहर में डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने दोस्त के साथ नहर पर नहाने गया था, लेकिन अचानक रस्सी हाथ से छूटने के बाद वह तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव नहर से बरामद किया गया।
बादली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान ध्रुव पुत्र सुनील निवासी खेडीजट के रूप में हुई है। ध्रुव अपने हमउम्र साथी मोहित के साथ गांव के पास स्थित एनसीआर नहर क्षेत्र में घूमने गया था। इसी दौरान दोनों ने नहर में नहाने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार नहर में उतरने से पहले दोनों बच्चों ने सुरक्षा के लिए एक रस्सी बांध ली थी और उसे पकड़कर नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक ध्रुव के हाथ से रस्सी छूट गई। नहर का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही पलों में गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
ध्रुव के साथ मौजूद मोहित ने तुरंत शोर मचाया और गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी, जबकि पुलिस ने भी नहर में तलाश अभियान चलाया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद किशोर का कोई पता नहीं चल सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया और करीब चार घंटे तक लगातार तलाश की। आखिरकार ध्रुव का शव नहर से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बादली नागरिक अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार ध्रुव दो भाइयों में बड़ा था और गांव के स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
इस बीच जिला प्रशासन ने लोगों से नहरों में न उतरने की अपील की है। झज्जर डीसी वर्षा खांगवाल पहले ही जिले की सीमा में आने वाली नहरों, माइनरों और जलाशयों में नहाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा चुकी हैं।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि नहरों का पानी गहरा और बहाव तेज होने के कारण हर साल हादसे होते हैं। इसके बावजूद लोग और बच्चे नहरों में नहाने पहुंच जाते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है।
प्रशासन ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को नहरों और माइनरों के आसपास चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
pooja