पार्टी के बहाने बुलाया... फिर बरसाईं गोलियां, झज्जर में सिक्योरिटी ठेकेदार की हत्या, बचाने आया भतीजा भी घायल

झज्जर के छारा गांव में पार्टी और बातचीत के बहाने बुलाकर टोल प्लाजा के सिक्योरिटी ठेकेदार नीरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में भतीजा भी घायल हुआ। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।

पार्टी के बहाने बुलाया... फिर बरसाईं गोलियां, झज्जर में सिक्योरिटी ठेकेदार की हत्या, बचाने आया भतीजा भी घायल

पार्टी और बातचीत के बहाने बुलाकर वारदात को दिया अंजाम
चार से पांच राउंड फायरिंग में सिक्योरिटी ठेकेदार की मौत, भतीजा घायल
पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को हत्या की वजह मान रही पुलिस


झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले के गांव छारा में देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी का ठेका संभालने वाले नीरज की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भतीजे मनजीत के कंधे में भी गोली लग गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले पार्टी और जरूरी बातचीत का बहाना बनाकर नीरज को गांव के बहराना रोड पर बुलाया और फिर कहासुनी के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

जानकारी के मुताबिक नीरज अपने भतीजे मनजीत के साथ तय स्थान पर पहुंचे थे। शुरुआती बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने अपने साथी से पिस्तौल लेकर नीरज पर लगातार चार से पांच राउंड फायर कर दिए। गोलियां लगने से नीरज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए आगे आए मनजीत को भी गोली लग गई।

रोहतक PGI में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को रोहतक PGI पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनजीत का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी का ठेका संभालता था मृतक

बताया जा रहा है कि नीरज छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी का ठेकेदार था। उसकी हत्या की सूचना मिलते ही आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम सबूत एकत्र किए।

पुरानी रंजिश की एंगल से जांच, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद और पुरानी रंजिश हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।