हरियाणा में सोशल मीडिया पर परोसी जा रही 'अश्लील रील्स' पर महाजंग, खाप पंचायतों ने बुलाई उत्तर भारत की महापंचायत

हरियाणा में सोशल मीडिया पर अश्लीलता, गन कल्चर और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महम चौबीसी सर्व खाप ने 25 जुलाई को उत्तर भारत की महापंचायत बुलाने का ऐलान किया है।

हरियाणा में सोशल मीडिया पर परोसी जा रही 'अश्लील रील्स' पर महाजंग, खाप पंचायतों ने बुलाई उत्तर भारत की महापंचायत

महम चौबीसी सर्व खाप ने 25 जुलाई को उत्तर भारत की महापंचायत बुलाई
सोशल मीडिया अश्लीलता, गन कल्चर और नशे जैसे मुद्दों पर बनेगी रणनीति
धर्मेंद्र हुड्डा की अपील के बाद खाप पंचायतों ने लिया बड़ा फैसला


रोहतक/महम। हरियाणा में सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लीलता, गन कल्चर और समाज में फैल रही अन्य बुराइयों को लेकर अब खाप पंचायतें भी सक्रिय हो गई हैं। महम चौबीसी सर्व खाप ने 25 जुलाई को उत्तर भारत की महापंचायत बुलाने की घोषणा की है। इस महापंचायत में विभिन्न खाप पंचायतों, किसान संगठनों, महिला संगठनों, छात्र संगठनों और सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ हरियाणवी एवं बॉलीवुड कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। पंचायत में इन मुद्दों पर सामूहिक चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इस अभियान की शुरुआत धर्मेंद्र हुड्डा द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के बाद हुई। उन्होंने कुछ हरियाणवी कलाकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के कंटेंट को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्होंने महम चौबीसी सर्व खाप के प्रधान तुलसी ग्रेवाल से फोन पर बातचीत कर इस विषय पर महापंचायत बुलाने की अपील की, जिस पर सहमति बन गई।

25 जुलाई को ऐतिहासिक चबूतरे पर होगी महापंचायत

तुलसी ग्रेवाल ने बताया कि 25 जुलाई सुबह 10 बजे महम चौबीसी के ऐतिहासिक चबूतरे पर उत्तर भारत की महापंचायत आयोजित होगी। इसमें विभिन्न खाप पंचायतों, सामाजिक संगठनों, किसान, महिला और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। साथ ही हरियाणवी और बॉलीवुड कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा। सभी निर्णय सामूहिक सहमति से लिए जाएंगे।

12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था

सर्व खाप के अनुसार महम चौबीसी का ऐतिहासिक चबूतरा बिना कुर्सियों के करीब 12 हजार लोगों के बैठने की क्षमता रखता है। महापंचायत में आने वाले लोगों के लिए भोजन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

महापंचायत में गन कल्चर, सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट, नशा, सट्टा बाजार, अश्लील डांस, अभद्र भाषा और समाज में फैल रही अन्य सामाजिक बुराइयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने और आवश्यक कानूनी कदम उठाने की मांग भी उठाई जाएगी।

.

सरकार को सौंपा जाएगा ज्ञापन

महापंचायत से पहले रोहतक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी रूपरेखा साझा की जाएगी। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कानून बनाने की मांग की जाएगी। साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों से मिलकर इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का प्रयास किया जाएगा।

तुलसी ग्रेवाल ने भगोड़े धर्मेंद्र हुड्डा की तारीफ की थी।

धर्मेंद्र हुड्डा के बयान के बाद बढ़ा विवाद

धर्मेंद्र हुड्डा ने अपने वीडियो में कुछ हरियाणवी कलाकारों और सोशल मीडिया कंटेंट पर कड़ी टिप्पणी की थी। इसके बाद हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिना किसी का नाम लिए प्रतिक्रिया दी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई और अब मामला खाप पंचायतों तक पहुंच गया है।