हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान पर केस दर्ज, पूर्व प्रधान की शिकायत पर पंजाब में FIR
पटियाला में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज, पूर्व प्रधान दादूवाल की शिकायत के बाद विवाद ने तूल पकड़ा।
■ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में केस दर्ज
■ पूर्व प्रधान दादूवाल की शिकायत पर क्रॉस FIR
■ गुरुद्वारा समागम में शुरू हुआ विवाद बना कानूनी मामला
चंडीगढ़/पटियाला। पंजाब में सिख धार्मिक संस्थाओं के भीतर चल रहा विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGMC) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा के खिलाफ पटियाला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई कमेटी के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल की शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें झींडा पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पातड़ां के डीएसपी इंद्रपाल सिंह चौहान के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले झींडा की शिकायत पर पुलिस ने दादूवाल समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 323, 341, 148 और 149 के तहत मामला दर्ज किया था। इन पर आरोप था कि उन्होंने हथियारों के साथ रास्ता रोककर हमला करने की कोशिश की।
पूरा विवाद पटियाला के शेरगढ़ गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित भोग समागम के दौरान शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में झींडा और दादूवाल दोनों मौजूद थे। बताया गया है कि अपने संबोधन में दादूवाल ने झींडा का नाम नहीं लिया, जिससे वे नाराज हो गए और दोनों नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
दादूवाल ने आरोप लगाया कि झींडा ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की है। वहीं झींडा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया और दावा किया कि समागम के बाद उनके खिलाफ साजिश रची गई। उनके अनुसार, जब वे हरियाणा लौट रहे थे तो रास्ते में उनकी गाड़ी को घेर लिया गया और उन पर हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दादूवाल ने अपने समर्थकों को गोली चलाने के लिए उकसाया, हालांकि किसी तरह वे वहां से निकलने में सफल रहे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला अब सिर्फ व्यक्तिगत विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है। पंजाब और हरियाणा की सिख संस्थाओं के बीच बढ़ते तनाव ने इस मामले को और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस विवाद में और खुलासे हो सकते हैं।
Akhil Mahajan