हरियाणा के जींद में स्वीमिंग पूल में तैराक की मौत मामले में कार्रवाई, कोच-संचालक और प्रबंधक गिरफ्तार
जींद के एकलव्य स्टेडियम स्वीमिंग पूल में युवक गौरव जैन की मौत के मामले में पुलिस ने कोच, ठेकेदार और मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
➤ जींद स्वीमिंग पूल मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
➤ कोच, ठेकेदार और मैनेजर गिरफ्तार, बाद में मिली जमानत
➤ युवक गौरव जैन की डूबने से हुई थी मौत, पूल फिलहाल बंद
हरियाणा के जींद जिले में एकलव्य स्टेडियम स्थित स्वीमिंग पूल में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही के आरोपों के बाद पुलिस ने कोच, ठेकेदार और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में तीनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
घटना के बाद से पूरे मामले को लेकर खेल विभाग और स्वीमिंग पूल प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल जांच पूरी होने तक स्वीमिंग पूल को बंद कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 14 मई की रात जींद की गांधी गली निवासी 21 वर्षीय गौरव जैन की एकलव्य स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार ने पूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे।
मृतक के पिता संजय जैन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि स्वीमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में भारी कमी थी। इसके चलते उनके बेटे की जान चली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईक्कस गांव निवासी कोच रतिंद्र, रोहतक जिले के टिटोली गांव निवासी ठेकेदार दीपक और जामनी खेड़ा निवासी मैनेजर अंकुश को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों से पूछताछ की गई और बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
मामले के जांच अधिकारी एसआई टिंकू ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि युवक की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में पानी में डूबने से मौत की संभावना जताई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्वीमिंग पूल में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
Akhil Mahajan