सेल्फी का शौक पड़ा भारी, ब्यास नदी में गिरने से बाल-बाल बची युवती

हमीरपुर के सुजानपुर पुल पर सेल्फी लेते समय युवती का पैर फिसल गया। झाड़ियों में फंसने से जान बची। पुलिस और दमकल विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

सेल्फी का शौक पड़ा भारी, ब्यास नदी में गिरने से बाल-बाल बची युवती

सुजानपुर पुल पर सेल्फी लेते समय युवती का पैर फिसला

घनी झाड़ियों में फंसने से बची जान, ब्यास नदी में गिरने से टला हादसा

पुलिस और दमकल विभाग ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित निकाला


हमीरपुर जिले के सुजानपुर पुल के पास सोमवार शाम सेल्फी लेने का शौक एक युवती के लिए जानलेवा साबित होते-होते बच गया। मोबाइल से सेल्फी लेते समय युवती का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह कई फीट नीचे दरिया किनारे घनी झाड़ियों में जा गिरी।

घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों विभागों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सुरक्षा उपकरणों की मदद से जवान नीचे उतरे और काफी मशक्कत के बाद युवती तक पहुंचे।

रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक युवती को झाड़ियों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

गनीमत रही कि युवती नीचे मौजूद घनी झाड़ियों में फंस गई। यदि वह सीधे ब्यास नदी में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते हुए रेस्क्यू अभियान से उसकी जान बच गई।

घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सेल्फी लेने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। खासकर नदी, पुल, पहाड़ी और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर फोटो या वीडियो बनाने से बचें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।