करनाल में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने कर्ण विहार में बरसाईं गोलियां
करनाल के कर्ण विहार में बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग की। युवक को पांच गोलियां लगीं, अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।
➤ करनाल में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत
➤ बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोलियां
➤ घायल युवक अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के करनाल में देर रात एक बार फिर फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। ताजा मामला शहर के कर्ण विहार इलाके का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर कई राउंड गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वारदात रविवार शाम करीब 8 बजे के आसपास हुई। घायल युवक की पहचान उज्ज्वल के रूप में हुई है, जो फिलहाल अपनी मां के साथ कर्ण विहार में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी बुआ से मिलकर वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे निशाना बना लिया।
पुलिस के मुताबिक, दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और उन्होंने उज्ज्वल पर 4 से 5 राउंड फायरिंग की। इस हमले में युवक को पांच गोलियां टांग में लगी हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल उज्ज्वल को तुरंत इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, करनाल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं और आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक किसी पुरानी रंजिश या हमले के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने करनाल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Akhil Mahajan