तेज रफ्तार और लापरवाही से पलटी सोनीपत डिपो की बस, 8 यात्री गंभीर, मंत्री विज के दिए जांच के आदेश
करनाल में रोडवेज बस पलटने के मामले में परिवहन मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश दिए। हादसे में 8 यात्री गंभीर घायल हुए, बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
-
करनाल में रोडवेज बस हादसे पर परिवहन मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश दिए
-
तेज रफ्तार और लापरवाही से पलटी सोनीपत डिपो की बस, 8 यात्री गंभीर
-
आरोपी बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू
करनाल जिले में शुक्रवार रात हरियाणा रोडवेज की बस पलटने के मामले में हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि धुंध के मौसम को देखते हुए पहले ही एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक गति से वाहन न चलाने के निर्देश हैं। इसके बावजूद यदि लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हादसा शुक्रवार रात करनाल के आईटीआई चौक के नजदीक हुआ। सोनीपत डिपो की हरियाणा रोडवेज बस हाईवे पर अचानक संतुलन खो बैठी और ग्रिलों को तोड़ते हुए पलट गई। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। हादसे में दो से तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि दर्जनों यात्री घायल हुए। कुल आठ यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। बस के अंदर गाने फुल वॉल्यूम में बज रहे थे। यात्रियों ने कई बार ड्राइवर से गति कम करने को कहा, लेकिन ड्राइवर ने किसी की नहीं सुनी। इसी लापरवाही के चलते बस का संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया।
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और कुछ ही देर में पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई।
एम्बुलेंस कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि हल्की चोट वाले यात्रियों का इलाज मौके पर ही किया गया। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
सेक्टर-32-33 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि जुंडला गांव की एक महिला की शिकायत के आधार पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, परिवहन मंत्री अनिल विज ने VB-G RAM G बिल को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। विज ने कहा कि हराम में भी राम लिखा होता है, इसलिए हम राम के हैं और वो हराम के हैं।
Author1